भाजपा कार्यालय के दिवाली मिलन समारोह में पत्रकारों से किया संवाद, सकारात्मक पत्रकारिता और देश की उपलब्धियों को प्रमुखता देने की अपील
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित दिवाली मिलन समारोह में पत्रकारों के साथ आत्मीय संवाद किया। इस दौरान उन्होंने दीपावली और छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए व्यस्त दिनचर्या के बावजूद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मीडियाकर्मियों का आभार जताया। पीएम मोदी ने कहा कि त्योहारों के दौरान भी पत्रकार ब्रेकिंग न्यूज की दौड़ में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में उनके साथ यह ‘नॉन-ब्रेकिंग न्यूज’ मुलाकात खास है।
फैक्स मशीन से मोबाइल तक बदली पत्रकारिता
प्रधानमंत्री ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और अपने पुराने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि 90 के दशक में प्रेस विज्ञप्ति भेजने के लिए फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी, लेकिन आज तकनीक ने पूरी दुनिया बदल दी है। अब हर व्यक्ति का मोबाइल फोन ही ओबी वैन की भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने 11 अशोक रोड स्थित अपने पुराने कमरे का एक रोचक किस्सा भी सुनाया। पीएम मोदी ने बताया कि गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर उन्हें सबसे पहले महिला पत्रकारों की एक टीम ने दी थी। उन्होंने आपदा और दुर्घटनाओं के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर घटनास्थल से रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के साहस और समर्पण की भी सराहना की।
2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने पत्रकारिता में डेडलाइन के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि आज देश भी 2047 की डेडलाइन को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रहा है। आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना हमारा लक्ष्य है। इसके लिए देश को छोटे-बड़े सभी लक्ष्यों को समय पर हासिल करने की दिशा में निरंतर प्रयास करना होगा।
पीएम मोदी ने चंद्रयान-3 की सफलता, मोबाइल निर्माण के क्षेत्र में भारत की प्रगति, चिनाब ब्रिज और स्टार्टअप इकोसिस्टम जैसी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि देश की इन सफलताओं और सकारात्मक बदलावों को अपने मंचों पर प्रमुखता से जगह दें।
युवाओं को नशे से दूर रखने की मुहिम पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा में लगाना जरूरी है। मीडिया को युवाओं को नशे से दूर रखने जैसे सामाजिक अभियानों को भी प्रमुखता देनी चाहिए। उन्होंने सकारात्मक पत्रकारिता के माध्यम से देश की उपलब्धियों, नवाचार और विकास की कहानियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
