राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने 15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर देशवासियों और राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दिन को देश भर में ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर अपने संदेश में कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस हमारी समृद्ध जनजातीय विरासत तथा राष्ट्र निर्माण में इन समुदायों के ऐतिहासिक योगदान को याद करने का बेहतरीन अवसर है। उन्होंने झारखंड के परिश्रमी और प्रतिभाशाली निवासियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि यह राज्य अपनी समृद्ध संस्कृति, लोक-परंपराओं और प्राकृतिक एवं खनिज संपदा के लिए एक विशिष्ट पहचान रखता है।
वहीं, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने भगवान बिरसा मुंडा को उनकी 151वीं जयंती पर नमन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में हुआ ‘उलगुलान’ अंग्रेजी हुकूमत की शोषणकारी व्यवस्था और अन्याय के विरुद्ध एक सशक्त जनांदोलन था। यह संघर्ष जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय अधिकारों और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा का व्यापक संकल्प था। उन्होंने झारखंड के प्राकृतिक वैभव और खनिज संपदा का जिक्र करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा बुनियादी ढांचा जैसे क्षेत्रों में राज्य की निरंतर प्रगति की कामना की।
गौरतलब है कि 15 नवंबर 2000 को ‘बिहार पुनर्गठन अधिनियम’ के तहत दक्षिणी बिहार के हिस्सों को अलग कर भारत का 28वां राज्य झारखंड बनाया गया था।
