अमेरिका में शुक्रवार को घंटों तक चले देशव्यापी फ्लाइट ग्राउंड स्टॉप के बाद भी हवाई यातायात पूरी तरह सामान्य नहीं हो पाया है। उड़ानों को पटरी पर लौटने में अभी और समय लग सकता है, जिसके चलते शनिवार को भी 2,000 से अधिक उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं, जबकि सैकड़ों अन्य उड़ानों में देरी की आशंका बनी हुई है। एयरलाइंस बैकलॉग खत्म करने और विमानों व चालक दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में जुटी हैं।
फ्लाइट डेटा ट्रैकर ‘फ्लाइटअवेयर’ के अनुसार, शनिवार को अमेरिका के भीतर, वहां से और वहां पहुंचने वाली 2,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हुईं और 300 से अधिक में देरी दर्ज की गई। इससे पहले शुक्रवार को 7,700 से अधिक उड़ानें रद्द और 8,000 से ज्यादा विलंबित हुई थीं। एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में संचार संबंधी समस्याओं के कारण फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने यह पाबंदी लगाई थी। हालांकि शुक्रवार शाम से परिचालन बहाल करने के प्रयास तेज हुए हैं, लेकिन सप्ताहांत तक व्यवधान जारी रहने की आशंका है।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश के हवाई यातायात ढांचे के आधुनिकीकरण के लिए कांग्रेस से जल्द कानून पारित करने की अपील की है। सूत्रों के मुताबिक, ट्रंप ने सीनेटर एरिक श्मिट से बातचीत कर एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम और अन्य बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने पर जोर दिया। श्मिट ने सितंबर में ‘मॉडर्न स्काइज एक्ट’ पेश किया था, जिसमें 30 अरब डॉलर की अतिरिक्त संघीय सहायता का प्रस्ताव है। वहीं, व्हाइट हाउस के अधिकारियों और परिवहन मंत्री शॉन डफी ने विमानन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए भारी-भरकम फंडिंग को बेहद जरूरी बताया है। इस संकट ने अमेरिकी विमानन नेटवर्क की पुरानी प्रणालियों और खामियों को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
