इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) बोर्ड ने 2035 तक होने वाले पुरुषों के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों की विंडो (तारीखों) को मंजूरी दे दी है। इस नए कार्यक्रम के तहत भारत को दो बड़े टूर्नामेंटों की मेजबानी मिली है। भारत अकेले 2029 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा, जबकि 2031 के वनडे विश्व कप का आयोजन भारत और बांग्लादेश की संयुक्त मेजबानी में होगा।
आईसीसी की घोषणा के मुताबिक, 2029 चैंपियंस ट्रॉफी 9 अक्टूबर से 28 अक्टूबर तक भारत में खेली जाएगी। वहीं, 2031 का वनडे विश्व कप 9 अक्टूबर से 23 नवंबर के बीच भारत और बांग्लादेश में आयोजित किया जाएगा। बोर्ड ने 2028 से 2035 तक के सभी बड़े आयोजनों की तारीखों का ऐलान कर दिया है, हालांकि 2031 के बाद होने वाले टूर्नामेंटों के मेजबान देशों पर फैसला होना अभी बाकी है।
टी20 विश्व कप और वनडे विश्व कप का कार्यक्रम
- 2028 टी20 विश्व कप: इसका आयोजन 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होगा।
- 2030 टी20 विश्व कप: अगला संस्करण इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा।
- 2032 और 2034 टी20 विश्व कप: इन दोनों टूर्नामेंटों की विंडो तय कर दी गई है, लेकिन मेजबान देशों की घोषणा बाद में की जाएगी।
- 2035 वनडे विश्व कप: इस टूर्नामेंट की तारीखें भी फाइनल हो गई हैं, जबकि मेजबान का नाम अभी तय नहीं हुआ है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) फाइनल का अपडेट आईसीसी ने स्पष्ट किया है कि वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल हर दो साल के अंतराल पर जून के महीने में ही आयोजित होता रहेगा। 2029 और 2031 के डब्ल्यूटीसी फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड को सौंपी गई है, जबकि 2033 और 2035 के फाइनल के लिए मेजबान देश का चयन अभी किया जाना है।
