देशभर में छठ महापर्व का तीसरा दिन रविवार को धार्मिक आस्था, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने विभिन्न नदियों, तालाबों और जलाशयों के किनारे पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित किया। छठ घाटों पर सुबह से ही भक्तिमय माहौल देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
छठ महापर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य का विशेष धार्मिक महत्व होता है। इस दौरान व्रती महिलाएं और पुरुष जल में खड़े होकर डूबते सूर्य को जल, दूध और अर्घ्य सामग्री अर्पित करते हैं। इसके साथ ही सूर्य देव से परिवार के सदस्यों के अच्छे स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की जाती है।
उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न होगा छठ महापर्व
चार दिनों तक चलने वाले छठ महापर्व का समापन सोमवार सुबह उषा अर्घ्य के साथ होगा। इस दौरान श्रद्धालु नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। उषा अर्घ्य छठ पूजा का अंतिम प्रमुख अनुष्ठान है।
इसके साथ ही छठ व्रत रखने वाले श्रद्धालु अपना व्रत समाप्त करेंगे। व्रती करीब 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास के बाद पारण करेंगे। इस तरह सूर्य देव की उपासना और छठी मैया की आराधना का चार दिवसीय महापर्व संपन्न हो जाएगा।
राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी शुभकामनाएं
छठ महापर्व के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं।
देशभर में छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। घाटों पर पूजा-अर्चना के साथ लोकगीतों और पारंपरिक छठ गीतों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।
