भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने टी20 क्रिकेट में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल कर ली है। वह इस प्रारूप में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। चहल ने बुधवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 के ग्रुप-बी मुकाबले में तमिलनाडु के खिलाफ यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट चटकाए। चहल के इस शानदार प्रदर्शन की बदौलत हरियाणा ने तमिलनाडु को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जीत का खाता खोला।
346 मैचों में चहल के 402 विकेट
युजवेंद्र चहल अब तक 346 टी20 मुकाबलों में 402 विकेट अपने नाम कर चुके हैं। सर्वाधिक टी20 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाजों की सूची में भुवनेश्वर कुमार 366 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह 354 विकेट लेकर तीसरे पायदान पर हैं। पीयूष चावला 329 और रविचंद्रन अश्विन 323 विकेट के साथ शीर्ष पांच भारतीय गेंदबाजों में शामिल हैं।
124 रन पर सिमटी तमिलनाडु की पारी
इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी तमिलनाडु की टीम 19.5 ओवर में 124 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम को महज 3 रन के स्कोर पर तुषार रहेजा (1) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद बालासुब्रमण्यम सचिन ने अमित सात्विक (38) के साथ दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े। उन्होंने एन. जगदीशन (9) के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 रन की साझेदारी की, जिससे टीम का स्कोर 76 रन तक पहुंचा। इनके अलावा कप्तान साई किशोर ने 19 और शाहरुख खान ने 22 रन का योगदान दिया।
चहल और निशांत संधू के 3-3 विकेट
हरियाणा की ओर से युजवेंद्र चहल ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, निशांत संधू ने 22 रन देकर 3 विकेट झटके। कनिष्क चौहान और राहुल तेवतिया को 1-1 सफलता मिली।
16.1 ओवर में हरियाणा ने दर्ज की जीत
125 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा ने 16.1 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। अर्श रंगा और यशवर्धन दलाल ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। अर्श 18 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद यशवर्धन दलाल ने कप्तान अंकित कुमार के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी की। यशवर्धन 19 गेंदों में 4 चौकों की मदद से 21 रन बनाकर आउट हुए।
अंकित कुमार ने निशांत संधू के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। अंकित 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि निशांत संधू 37 रन बनाकर नाबाद रहे। तमिलनाडु की तरफ से वी. अथिसयाराज डेविडसन, गुरजपनीत सिंह और साई किशोर ने 1-1 विकेट लिया।
