प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उद्योग जगत से आह्वान किया है कि वे अगले 20 वर्षों में लिए जाने वाले अपने हर दीर्घकालिक निवेश के फैसले का आधार ‘इंडिया फर्स्ट’ को बनाएं। उन्होंने कहा कि इससे न केवल देश आत्मनिर्भर बनेगा, बल्कि खुद उनके कारोबार के विकास के लिए भी नए अवसर खुलेंगे।
प्रधानमंत्री आज नई दिल्ली में उद्योग संगठन ‘फिक्की’ (FICCI) के शताब्दी समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अपने 100 वर्षों के सफर में फिक्की ने देश के उद्योग जगत की कई बड़ी उपलब्धियों को देखा है। श्री मोदी ने कहा कि अब यह तय करने का समय है कि भारतीय उद्योग अगले 20 वर्षों में क्या हासिल कर सकता है। बीते 100 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था ने कई उतार-चढ़ाव और विभिन्न दौर देखे हैं।
प्रधानमंत्री ने पुराने दौर को याद करते हुए कहा कि देश ने ‘लाइसेंस कोटा राज’, राष्ट्रीयकरण के असफल प्रयोग और 21वीं सदी का वह समय भी देखा है जब भारतीय अर्थव्यवस्था की गिनती दुनिया की पांच सबसे कमजोर अर्थव्यवस्थाओं (फ्रैजाइल फाइव) में होती थी। हालांकि, पिछले 12 वर्षों में देश के युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत के दिग्गजों ने कड़ी मेहनत कर इस स्थिति को पूरी तरह बदल दिया है।
उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है और इसके करीब सात प्रतिशत की दर से बढ़ने का अनुमान है। श्री मोदी ने बताया कि पिछले महीने भारत का वस्तु निर्यात (गुड्स एक्सपोर्ट) लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक निर्यात है। उन्होंने कहा कि भारत के इसी मजबूत प्रदर्शन के कारण मूडीज रेटिंग्स, एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स, फिच रेटिंग्स, विश्व बैंक और एशियाई विकास बैंक (ADB) जैसी संस्थाएं भारत के विकास अनुमानों में लगातार बढ़ोतरी कर रही हैं।
विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि महज 12-13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीयों ने गरीबी को मात दी है। उन्होंने कहा कि 1970 के दशक में जब ‘गरीबी हटाओ’ का नारा दिया गया था, तब देश की आबादी करीब 50 करोड़ थी और गरीबी उसी समय दूर की जा सकती थी। श्री मोदी ने कहा कि फिक्की इस बात का गवाह है कि उस समय नीतियों में खामी थी और दुर्भाग्य से सही नीयत का अभाव था। लेकिन जब सरकार ने सही नीतियों और सही नीयत के साथ काम किया, तो महज 12-13 वर्षों में 50 करोड़ गरीब लोग गरीबी से बाहर आ गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह इस बात का प्रमाण है कि आज भारत जिस गति और रास्ते पर चल रहा है, वह बिल्कुल सही और सटीक है और यही देश की सफलता की गारंटी है।
स्थापना के 100 वर्ष पूरे करने पर फिक्की को बधाई देते हुए श्री मोदी ने कहा कि किसी भी संगठन के लिए सौ वर्षों तक लगातार सतर्क और सक्रिय रहना, बदलते समय के साथ खुद को ढालना और देश की आर्थिक यात्रा में अपनी भूमिका निभाते रहना एक बड़ी उपलब्धि है।
