केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा है कि ‘खेलो इंडिया मिशन’, ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ और ‘टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम’ (TOPS) जैसी योजनाएं जमीनी स्तर पर खेलों की भागीदारी बढ़ाने, खेल प्रतिभाओं की पहचान करने और उच्च-प्रदर्शन वाले खेलों के लिए मार्ग तैयार करने में मदद कर रही हैं।
शुक्रवार को नई दिल्ली में फिक्की (FICCI) के खेल व्यवसाय पर आयोजित वैश्विक शिखर सम्मेलन ‘टर्फ-2026’ (TURF-2026) के 16वें संस्करण को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान भारत के खेल इकोसिस्टम में आए बदलावों पर प्रकाश डाला।
भारत को खेल उपकरण निर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने की तैयारी डॉ. मांडविया ने कहा कि सरकार का विजन भारत को एक खेल राष्ट्र से बदलकर एक ‘वैश्विक खेल इकोसिस्टम’ के रूप में विकसित करना है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय साझेदारों, नवप्रवर्तकों, निर्माताओं और खेल संस्थानों को इस परिवर्तन का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित किया।
खेल अवसंरचना और विनिर्माण क्षमताओं को मजबूत करने पर सरकार के फोकस को रेखांकित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारत को खेल उपकरण निर्माण और नवाचार का वैश्विक केंद्र बनाने के लिए सरकार ने लगभग दो हजार करोड़ रुपये के परिव्यय वाली एक खेल उपकरण निर्माण योजना को मंजूरी दी है।
निजी क्षेत्र से निवेश का आह्वान और 2036 ओलंपिक का लक्ष्य खेल क्षेत्र में निजी क्षेत्र की अधिक भागीदारी का आह्वान करते हुए श्री मांडविया ने उद्योग जगत के दिग्गजों को खेल अवसंरचना, हाई-परफॉर्मेंस अकादमियों, खेल विज्ञान सुविधाओं, प्रौद्योगिकी और एथलीट प्रबंधन प्रणालियों में निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने राष्ट्रमंडल खेल 2030 (Commonwealth Games 2030) के लिए भारत की तैयारियों और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी की देश की महत्वाकांक्षा का भी उल्लेख किया। इस वर्ष के शिखर सम्मेलन के लिए फ्रांस साझेदार देश है, और इस अवसर पर खेल क्षेत्र में भारत-फ्रांस सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर भी हस्ताक्षर किए गए।
