मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में जारी महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 4-1 से हराकर शानदार शुरुआत की है। भारत की ओर से खान मुमताज, कप्तान सलीमा टेटे, पूजा साहू और लालरेम्सियामी ने एक-एक गोल दागा। मलेशिया के लिए एकमात्र गोल नूरामिरह जुल्किफली ने किया।
इससे पहले दिन के शुरुआती मुकाबले में चीन ने थाईलैंड को 7-0 के बड़े अंतर से मात दी। चीन के लिए फेंग कियागमियाओ और डेंग किउचान ने दो-दो गोल किए, जबकि तीन अन्य खिलाड़ियों ने एक-एक गोल किया।
दिन के दूसरे मैच में जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से हराया। यह मुकाबला अंतिम क्षणों तक गोलरहित रहा, लेकिन 59वें मिनट में सैतो हनामी ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर जापान को जीत दिला दी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्टेडियम भव्य आतिशबाजी से जगमगा उठा और बड़ी संख्या में दर्शक मुकाबले देखने पहुंचे। प्रतियोगिता में भारत सहित कुल छह देशों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
यह टूर्नामेंट 19 से 28 नवंबर तक भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला जा रहा है। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।
शनिवार को खेले जाने वाले मुकाबलों के तहत दोपहर 2:30 बजे चीन का सामना मलेशिया से होगा, शाम 4:45 बजे थाईलैंड और जापान आमने-सामने होंगे, जबकि शाम 7:00 बजे मेजबान भारत की भिड़ंत दक्षिण कोरिया से होगी।
