पुरुष दृष्टिबाधित क्रिकेट एशिया कप 2026 (Men’s Blind Cricket Asia Cup 2026) का फाइनल मुकाबला शुक्रवार को भारी बारिश के कारण रद्द होने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बिना एक भी गेंद फेंके मैच धुल जाने के बावजूद पाकिस्तान को बेहतर नेट रन रेट (NRR) के आधार पर विजेता घोषित किए जाने के विरोध में भारतीय दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम ने पुरस्कार वितरण समारोह (Presentation Ceremony) का बहिष्कार कर दिया।
क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (CABI) ने इस फैसले को खेल भावना और नियमों के खिलाफ बताते हुए कड़ा ऐतराज जताया है और भविष्य में पाकिस्तान के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में न खेलने की चेतावनी भी दी है।
क्या है पूरा विवाद?ढाका में आयोजित इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने थीं, लेकिन लगातार बारिश के कारण मुकाबला शुरू नहीं हो सका और इसे रद्द घोषित करना पड़ा। भारतीय टीम प्रबंधन और सीएबीआई (CABI) के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नियमों और मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (MCC) के प्रावधानों के तहत यदि किसी टूर्नामेंट का फाइनल मैच बारिश के कारण पूरी तरह धुल जाता है और रिजर्व डे नहीं होता, तो दोनों फाइनलिस्ट टीमों को ‘संयुक्त विजेता’ (Joint Winners) घोषित किया जाता है।
हालांकि, मैच रेफरी ने लीग चरण में बेहतर नेट रन रेट के आधार पर पाकिस्तान को एकतरफा चैंपियन घोषित कर दिया। इसके विरोध में भारतीय खिलाड़ियों ने मंच पर जाने और उपविजेता ट्रॉफी या पदक स्वीकार करने से साफ इनकार कर दिया।
सीएबीआई (CABI) ने लगाए पक्षपात और नियमों से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप सीएबीआई के अध्यक्ष डॉ. महंतेश जी. किवादासन्नावर और सचिव शैलेंद्र यादव ने एक आधिकारिक बयान जारी कर इस निर्णय की कड़ी निंदा की है। सीएबीआई ने आरोप लगाया कि वर्ल्ड ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (WBCC) की तकनीकी समिति (Technical Committee) ने पहले भारत और पाकिस्तान को संयुक्त विजेता घोषित करने का निर्णय लिया था, लेकिन डब्ल्यूबीसीसी के अध्यक्ष और पाकिस्तान ब्लाइंड क्रिकेट काउंसिल (PBCC) के प्रमुख सैयद सुल्तान शाह ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए तकनीकी समिति के फैसले को पलट दिया और मैच रेफरी पर पाकिस्तान को विजेता घोषित करने का दबाव बनाया।
डॉ. महंतेश ने कहा, “यह दृष्टिबाधित क्रिकेट के इतिहास के सबसे काले दिनों में से एक है। आयोजकों ने हमें पहले कभी ऐसे किसी नियम की जानकारी नहीं दी थी और न ही क्रिकेट में नेट रन रेट के आधार पर फाइनल का विजेता तय करने का कोई नियम मौजूद है। नेट रन रेट का उपयोग केवल लीग चरण में अगले दौर के लिए क्वालीफाई करने हेतु किया जाता है। यदि पाकिस्तान ने मैदान पर खेलकर हमें हराया होता, तो हम खुशी-खुशी हार स्वीकार करते, जैसा कि हमने लीग मैच में आखिरी गेंद पर मिली हार के बाद किया था। लेकिन बिना खेले खुद को विजेता घोषित करना सरासर अन्याय है।”
पाकिस्तान के साथ भविष्य के मुकाबलों के बहिष्कार की चेतावनीसीएबीआई ने स्पष्ट किया है कि वे पाकिस्तान को 2026 एशिया कप का एकमात्र चैंपियन नहीं मानते और दोनों देशों को संयुक्त विजेता का दर्जा मिलना चाहिए। एसोसिएशन ने कहा कि वे इस मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज कराएंगे और अन्य सदस्य देशों के साथ मिलकर इस मनमानी के खिलाफ आवाज उठाएंगे। इसके साथ ही सीएबीआई ने यह भी संकेत दिया है कि जब तक इस विवाद का न्यायसंगत समाधान नहीं निकलता, तब तक भारतीय पुरुष और महिला दृष्टिबाधित टीमें वैश्विक टूर्नामेंटों में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से परहेज करने पर विचार कर रही हैं।
गौरतलब है कि भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में गत चैंपियन के रूप में उतरी थी और सेमीफाइनल में मेजबान बांग्लादेश को हराकर फाइनल में पहुंची थी।
