पटना और वैशाली के बीच यातायात को मिलेगी नई गति, महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर घटेगा दबाव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह-लेन पुल ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा तथा यात्रियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री ने रिबन काटकर पुल को राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए पहुंचे थे। पीएम मोदी ने गमछा लहराकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया, जिससे वहां उत्साह का माहौल देखने को मिला।
19.7 किलोमीटर लंबी परियोजना, 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल
नीतीश सेतु गंगा नदी पर निर्मित एक एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे पुल है। इस पूरी परियोजना की लंबाई 19.7 किलोमीटर है, जिसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं। इसे करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया गया है।
यह पुल पटना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-322 के बिदुपुर से जोड़ता है। इसके चालू होने से गंगा पार करने के लिए एक नया और महत्वपूर्ण सड़क मार्ग उपलब्ध हो गया है।
गांधी सेतु और जेपी सेतु पर कम होगा यातायात का दबाव
नीतीश सेतु के शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक और कम समय में पूरी हो सकेगी।
इस पुल से राघोपुर दियारा क्षेत्र के लोगों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। पटना तक पहुंच आसान होने से स्थानीय लोगों को अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत होगी।
किसानों और कारोबारियों को भी मिलेगा फायदा
बेहतर सड़क संपर्क से कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामानों की ढुलाई आसान होगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में कम समय और सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापारियों एवं उद्योगों को परिवहन के लिए बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा।
नीतीश सेतु के शुरू होने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने, आर्थिक विकास तेज होने और बिहार के सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पटना हवाई अड्डे पहुंचे, जहां जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित कई नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री वैशाली पहुंचे और नीतीश सेतु का उद्घाटन कर इसे बिहार की जनता को समर्पित किया।
