प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार) पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे शिक्षा, बुनियादी ढांचे और कौशल विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे और हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।
सुबह पश्चिम बंगाल में IIT खड़गपुर के समारोह में होंगे शामिल
प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले स्थित आईआईटी (IIT) खड़गपुर के प्लैटिनम जुबली समारोह में हिस्सा लेकर करेंगे। इस अवसर पर वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
- संस्थान की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री 75 छात्रों के साथ संवाद करेंगे।
- वे इस मौके पर एक विशेष स्मारक सिक्का जारी करेंगे और आईआईटी खड़गपुर में पीजी मेडिकल कोर्स का शुभारंभ भी करेंगे।
- गौरतलब है कि 1951 में स्थापित आईआईटी खड़गपुर देश का पहला आईआईटी है और इसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान का दर्जा प्राप्त है।
दोपहर में बिहार को देंगे 34,470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
दोपहर में प्रधानमंत्री बिहार के वैशाली जिले का दौरा करेंगे, जहां वे गंगा नदी पर बने ‘नीतीश सेतु’ का निरीक्षण करेंगे और इसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही वे जिले में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे तथा एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
- ये परियोजनाएं सड़क संपर्क, ऊर्जा, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और परिवहन जैसे प्रमुख क्षेत्रों से जुड़ी हैं।
- नीतीश सेतु की खासियत: गंगा नदी पर बना यह एक एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेड (extradosed cable-stayed) पुल है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह 19.7 किलोमीटर लंबी परियोजना पटना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर कच्ची दरगाह को वैशाली जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-322 पर बिदुपुर से जोड़ती है। इसमें 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें (अप्रोच रोड) शामिल हैं।
- इस पुल के शुरू होने से महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा और उत्तर व दक्षिण बिहार के बीच यात्रा के समय में बड़ी बचत होगी।
शाम को लखनऊ में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में लेंगे हिस्सा
अपने दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री शाम को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे, जहां वे 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे। शैक्षणिक सत्र 2021-22 में शुरू किया गया यह समारोह कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्टता को पहचान देने और प्रशिक्षण पूरा कर रोजगार की दुनिया में कदम रखने वाले युवाओं के सम्मान का एक प्रमुख राष्ट्रीय मंच बन गया है। इस वर्ष समारोह में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITIs), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTIs) और प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों (IToTs) के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
