क्रिकेट जगत में इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले जा रहे बॉक्सिंग डे टेस्ट में शानदार गेंदबाजी करते हुए पुरुष टेस्ट क्रिकेट में इस सदी में इंग्लैंड के पहले गेंदबाज बनने का गौरव हासिल किया, जिन्होंने यहां पांच विकेट हॉल लिया।
जोश टंग ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 45 रन देकर 5 विकेट झटके, जिसकी बदौलत मेजबान टीम 152 रन पर सिमट गई। उनकी इस घातक गेंदबाजी ने इंग्लैंड को मुकाबले में मजबूत वापसी का मौका दिया और एशेज सीरीज में नई ऊर्जा भर दी, हालांकि ऑस्ट्रेलिया पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है।
एमसीजी में इससे पहले इंग्लैंड की ओर से टेस्ट क्रिकेट में पांच विकेट हॉल लेने का कारनामा 1998 में डैरेन गफ और डीन हेडली ने किया था। जोश टंग ने 27 साल बाद इस सूखे को खत्म करते हुए इंग्लैंड के गेंदबाजी इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है।
