भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी आईसीसी पुरुष अंडर-19 विश्व कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। यह टूर्नामेंट 15 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किया जाएगा। भारतीय टीम की कमान आयुष म्हात्रे को सौंपी गई है, जबकि विहान मल्होत्रा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम में वैभव सूर्यवंशी, आरोन जॉर्ज और अभिज्ञान कुंडू जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी शामिल हैं।
पांच बार की चैंपियन भारतीय अंडर-19 टीम को ग्रुप बी में रखा गया है, जहां उसका मुकाबला बांग्लादेश, न्यूजीलैंड और संयुक्त राज्य अमेरिका से होगा। भारत अपना पहला मैच 15 जनवरी को जिम्बाब्वे के बुलावायो स्थित क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा।
इसके साथ ही बीसीसीआई की जूनियर क्रिकेट समिति ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला के लिए भी भारतीय अंडर-19 टीम की घोषणा की है। यह सीरीज 3 जनवरी से शुरू होगी। इस टीम की कप्तानी वैभव सूर्यवंशी करेंगे, जबकि आरोन जॉर्ज को उपकप्तान बनाया गया है।
हालांकि, आयुष म्हात्रे और विहान मल्होत्रा कलाई में चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका दौरे से बाहर रहेंगे। दोनों खिलाड़ियों को आगे के इलाज और प्रबंधन के लिए बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। यह दोनों खिलाड़ी पूरी तरह फिट होने के बाद आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के लिए टीम से जुड़ेंगे।
