नर्मदापुरम स्थित प्रतिभूति कागज कारखाने (एसपीएम) के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए केंद्र सरकार ने 1788 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। यह महत्वपूर्ण मंजूरी नर्मदापुरम–नरसिंहपुर लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी के सतत प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।
वित्त मंत्रालय द्वारा स्वीकृत इस राशि से कारखाने में नई अत्याधुनिक पेपर मशीन स्थापित की जाएगी, जिससे उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। आधुनिकीकरण के बाद प्रतिभूति कागज कारखाना तकनीकी रूप से और अधिक सक्षम बनेगा, जिससे गुणवत्ता और उत्पादन दोनों स्तरों पर सुधार होगा।
इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित केंद्र सरकार के नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना नर्मदापुरम क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और इससे औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।
आधुनिकीकरण और विस्तार की इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही, यह कदम नर्मदापुरम को औद्योगिक मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध होगा।
