हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने संत कबीर कुटीर, चंडीगढ़ में पंजाब से आए युवाओं का स्वागत करते हुए उनसे संवाद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और उत्साह किसी भी प्रदेश के विकास की सबसे बड़ी ताकत होती है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुओं की धरती पंजाब से आए युवाओं से संवाद करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बातचीत के दौरान युवाओं में जो अपार ऊर्जा, सकारात्मक सोच और आगे बढ़ने की ललक दिखाई दी, वह निश्चित रूप से पंजाब के समग्र विकास में दूरगामी भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की युवा शक्ति में परिश्रम, अनुशासन और सेवा की भावना स्पष्ट रूप से नजर आती है, जो सम्मान के योग्य है। उन्होंने विश्वास जताया कि यही युवा आने वाले समय में प्रदेश को प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के युवाओं और पूरे प्रदेश की तेज तरक्की तथा खुशहाली की कामना की।
