हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित श्री गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज के 61वें स्थापना दिवस समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज प्रबंधन कमेटी के सभी सम्मानित सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह शिक्षण संस्थान कई दशकों से उच्च शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ युवाओं के व्यक्तित्व और चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर निकले विद्यार्थियों ने देश और विदेश में उत्कृष्ट कार्य कर न केवल अपनी पहचान बनाई है, बल्कि संस्थान का नाम भी रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का लक्ष्य प्रत्येक युवा को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, मजबूत नैतिक मूल्यों और रोजगार के समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस दिशा में निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है, ताकि युवा सशक्त बनें और समाज व राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभा सकें।
