केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौता राष्ट्रीय हित में अब तक का सबसे बेहतर समझौता है, जिसमें किसानों के हितों की पूरी तरह से रक्षा की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस समझौते के दौरान यह सुनिश्चित किया गया है कि देश के कृषि क्षेत्र को किसी भी प्रकार का नुकसान न पहुंचे और किसानों की आर्थिक सुरक्षा बनी रहे।
उत्तर प्रदेश के मथुरा में गोवर्धन परिक्रमा करने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि यह व्यापार समझौता भारत के किसानों, महिलाओं और युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगा। उन्होंने कहा कि इस समझौते के माध्यम से देश के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में बेहतर अवसर मिलेंगे, जिससे किसानों की आय बढ़ने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की कूटनीति लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत की साख बढ़ी है और इसी का परिणाम है कि इस तरह के संतुलित और देशहित वाले समझौते संभव हो पा रहे हैं।
कृषि मंत्री ने यह भी दावा किया कि इस व्यापार समझौते में देश के प्रमुख खाद्यान्न जैसे गेहूं और धान को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह सुनिश्चित किया है कि इन फसलों पर किसी भी तरह का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रही है और आने वाले समय में इस समझौते से किसानों को सीधे लाभ मिलेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार किसानों के हितों की रक्षा के लिए हर संभव कदम उठाती रहेगी।
