हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सूरजकुंड मेले में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना में घायल लोगों से फरीदाबाद स्थित सुप्रीम अस्पताल पहुंचकर मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। इस दौरान मुख्यमंत्री ने घायलों और उनके परिजनों से बातचीत की तथा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हादसे में घायल सभी लोगों को निःशुल्क और बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। राज्य सरकार पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी घायल को इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
सूरजकुंड मेला देश के प्रमुख सांस्कृतिक आयोजनों में से एक है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। सरकार की ओर से मेले में सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान अधिकारियों को मेले में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बनाए रखने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
