मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सामूहिक विवाह में 353 जोड़ों को दिया आशीर्वाद

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज शनिवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के सलियाटोली स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर 353 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सामूहिक विवाह में 353 जोड़ों को दिया आशीर्वाद

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज शनिवार को जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के सलियाटोली स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शामिल होकर 353 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। यह आयोजन स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की स्मृति में किया गया था। मुख्यमंत्री ने वैदिक रीति-रिवाज से विवाह मंडप की अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सभी जोड़ों को उपहार भेंट कर सुखी दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुष्प वर्षा कर सभी नवदम्पतियों के मंगलमय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो परिवारों और संस्कृतियों के मिलन का प्रतीक है। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को प्रेम, विश्वास और समर्पण को अपने वैवाहिक जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। साथ ही, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रदेश की सभी माताओं और बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में महिलाओं को हमेशा से सम्मान प्राप्त रहा है। उन्होंने इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि आज देश के सर्वोच्च पद पर भी एक महिला विराजमान हैं और खेल से लेकर अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में महिलाओं ने अपनी शक्ति का परिचय दिया है।

मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक नवविवाहित जोड़े को 50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान करती है। पहले यह राशि 25 हजार रुपये थी, जिसे वर्तमान सरकार ने बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया है। इस योजना के तहत 35 हजार रुपये की प्रोत्साहन एवं परिवहन सहायता राशि का चेक नवविवाहित जोड़ों को सौंपा गया, जबकि शेष राशि से वर-वधू के लिए आभूषण, श्रृंगार सामग्री, वस्त्र एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं प्रदान की गईं।