पंजाब के अमृतसर में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (SSOC) ने जासूसी के आरोप में हरपाल नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार आरोपी पिछले करीब एक साल से भारतीय सेना से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को भेज रहा था।
अधिकारियों को मिली गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी के दौरान आरोपी को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक सीडी और मोबाइल फोन बरामद किया गया। जांच के दौरान मोबाइल फोन से कुछ पाकिस्तानी नंबर भी मिलने की जानकारी सामने आई है।
सुरक्षा एजेंसियों ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार युवक अमृतसर जिले की अजनाला तहसील के सीमा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां उसके संपर्कों और गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही हैं।
यह मामला राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्कता के साथ जांच आगे बढ़ा रही हैं। साथ ही डिजिटल डिवाइस की फॉरेंसिक जांच भी की जा रही है ताकि किसी भी तरह के नेटवर्क या संपर्कों का पता लगाया जा सके।
सुरक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि सीमा क्षेत्रों में इस तरह की गतिविधियों को रोकने के लिए लगातार निगरानी और इंटेलिजेंस नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है।
