पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने वाजपेयी के राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास के प्रति योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि वे अद्भुत दूरदृष्टि वाले असाधारण राजनेता थे, जिन्होंने अपना जीवन देश की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि वाजपेयी के विचार और प्रयास कई पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे। सुशासन और जनकल्याण के प्रति उनका जोर देश का लगातार मार्गदर्शन करता रहेगा।
गृहमंत्री अमित शाह ने अटल बिहारी वाजपेयी को महान राष्ट्रभक्त और मूल्य-आधारित राजनीति के प्रतीक के रूप में याद किया। उन्होंने कहा कि अटल जी ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण देशसेवा में लगाया। शाह ने परमाणु परीक्षण और कारगिल युद्ध के दौरान भारत की सामरिक शक्ति को मजबूती देने तथा अंत्योदय और सुशासन की अवधारणा को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को रेखांकित किया।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने विचारों और कार्यों से भारतीय लोकतंत्र को समृद्ध किया। उन्होंने हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ काम किया और राजनीति को राष्ट्रहित एवं जनसेवा का माध्यम माना। राजनाथ सिंह ने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने सामरिक शक्ति, आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अटल बिहारी वाजपेयी को करोड़ों कार्यकर्ताओं का प्रेरणास्रोत बताते हुए कहा कि उनका जीवन विचारधारा, सिद्धांतों और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें भारतीय राजनीति का युगपुरुष बताते हुए कहा कि उनके व्यक्तित्व में राष्ट्रनिष्ठा, लोकतांत्रिक मूल्यों, संवेदनशीलता और अद्भुत वक्तृत्व का अनूठा संगम था।
ओम बिरला ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का संसदीय जीवन पांच दशकों से अधिक लंबा रहा। वे दस बार लोकसभा और दो बार राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए। प्रखर सांसद और ओजस्वी वक्ता होने के साथ-साथ वे सिद्धहस्त पत्रकार और संवेदनशील कवि के रूप में भी सदैव याद किए जाएंगे। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने भारत की विदेश नीति और वैश्विक भूमिका को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने वाजपेयी को नए भारत का स्वप्नद्रष्टा और सुशासन का आदर्श बताया। उन्होंने कहा कि अटल जी के दूरदर्शी नेतृत्व ने देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वहीं, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने उन्हें राष्ट्रसेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीति में शुचिता का आदर्श बताते हुए श्रद्धांजलि दी।
संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी अपने विचारों, संस्कारों और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के कारण हमेशा देश के इतिहास में जीवित रहेंगे। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि भारत की सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कूटनीति में अटल बिहारी वाजपेयी के अमूल्य योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
