प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि अटलजी ने अपना पूरा जीवन सुशासन, राष्ट्र निर्माण और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए समर्पित कर दिया। उनका व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व आज भी देश के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
गुरुवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा कि अटल बिहारी वाजपेयी देशवासियों के हृदय में बसे ऐसे नेता थे, जिन्होंने राजनीति को सेवा और मूल्यों से जोड़ा। वे एक प्रखर वक्ता होने के साथ-साथ संवेदनशील कवि भी थे, जिनकी वाणी और विचारों ने करोड़ों लोगों को दिशा दी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अटलजी का नेतृत्व देश के चहुंमुखी विकास के लिए सदैव पथ-प्रदर्शक रहेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी से जुड़े अपने पुराने भाषणों का एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि अटलजी की आवाज केवल किसी राजनीतिक दल की आवाज नहीं थी, बल्कि वह भारत के सामान्य नागरिक की आशाओं, आकांक्षाओं और भावनाओं की अभिव्यक्ति बन चुकी थी। जब अटलजी बोलते थे, तो ऐसा लगता था मानो पूरा देश बोल रहा हो। वे अपने शब्दों में देश के जन-जन की भावनाओं को समेटकर प्रस्तुत करते थे।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि देश कभी भी अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को भुला नहीं सकता। उनके नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की और वैश्विक मंच पर आत्मविश्वास के साथ अपनी पहचान मजबूत की। अटलजी ने पार्टी नेता, सांसद, मंत्री और प्रधानमंत्री—हर भूमिका में एक आदर्श स्थापित किया।
एक अन्य पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म-जयंती उनके जीवन से प्रेरणा लेने का अवसर है। उनका आचरण, शालीनता, वैचारिक दृढ़ता और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का संकल्प भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श मानक है। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि नेतृत्व की श्रेष्ठता पद से नहीं, बल्कि आचरण से तय होती है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक सुभाषित भी साझा किया—
‘यद्यदाचरति श्रेष्ठस्तत्तदेवेतरो जनः।
स यत्प्रमाणं कुरुते लोकस्तदनुवर्तते॥’
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह श्लोक अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन और व्यक्तित्व के उस पहलू को दर्शाता है, जिसमें एक श्रेष्ठ व्यक्ति का आचरण पूरे समाज के लिए मार्गदर्शक बन जाता है।
