बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए इज्जतनगर थाना क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी इलाके में स्थित बाजिद बेग के बारातघर को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि बाजिद बेग मौलाना तौकीर रजा का करीबी है।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार यह निर्माण अवैध था, जिस पर लंबे समय से कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी। बवाल के बाद प्रशासन ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है और इसी के तहत यह कार्रवाई की गई।
गौरतलब है कि 26 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर शहर में भारी बवाल हुआ था। इस दौरान सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचा और कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ गई थी। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौलाना तौकीर रजा समेत करीब 94 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि बवाल से पहले इसी इलाके में एक बैठक आयोजित की गई थी, जिसके बाद हालात बिगड़े और हिंसा भड़क उठी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अधिकारियों ने आम जनता से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
