पंजाब के बरनाला जिले में पुलिस ने दुबई में रहने वाले रिश्तेदार बनकर लोगों से ठगी करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सतबीर सिंह बैंस ने बताया कि 28 जनवरी को थाना महल कलां में लोहगढ़ निवासी आत्मा सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा ठगी किए जाने की बात कही गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।
साइबर क्राइम टीम ने तकनीकी जांच और कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवदीप सिंह, मलकीत सिंह, लखविंदर सिंह और सुखप्रीत सिंह के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी फिरोजपुर जिले के ममदोट क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच के दौरान आरोपियों के अलग-अलग बैंक खातों में कुल 10 लाख 19 हजार रुपये की राशि पाई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस गिरोह ने और कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इस प्रकार की ऑनलाइन या फोन पर आने वाली संदिग्ध कॉल और मैसेज से सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति को पैसे ट्रांसफर करने से पहले पूरी जानकारी की पुष्टि करें।
