हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रोहतक में आयोजित ‘स्पेशल ओलंपिक भारत एथलेटिक्स नेशनल चैंपियनशिप’ में भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 26 राज्यों से लगभग 500 से अधिक खिलाड़ी, कोच और सहयोगी हिस्सा ले रहे हैं।
मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि यह प्रतियोगिता खेलों के माध्यम से समावेशिता, सशक्तिकरण और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और विशेष प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों, कोचों, सहयोगियों और प्रदेशवासियों का स्वागत और अभिनंदन किया। साथ ही उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले आयोजकों को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार खेलों को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है।
