श्री गुरु रविदास महाराज जी के 649वें जन्मदिवस के अवसर पर आज 29 जनवरी को जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन से ‘बेगमपुरा स्पेशल एक्सप्रेस’ श्रद्धालुओं को लेकर वाराणसी के लिए रवाना हुई। डेरा सच्चखंड बल्लां के गद्दीनशीन संत निरंजन दास महाराज जी की सरपरस्ती में आयोजित इस भव्य आयोजन में करीब 1500 श्रद्धालु शामिल हुए, जो 22 बोगियों वाली विशेष ट्रेन से गुरु रविदास जी के जन्मस्थल गोवर्धनपुर में नतमस्तक होने के लिए प्रस्थान कर गए।
ट्रेन की रवानगी से पहले रेलवे स्टेशन की पार्किंग में एक विशाल धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां संगतों के लिए विभिन्न प्रकार के लंगर की व्यवस्था की गई। इसके साथ ही मानवता की सेवा को समर्पित रक्तदान शिविर भी लगाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
यह विशेष ट्रेन 30 जनवरी को वाराणसी पहुंचेगी। वहां 1 फरवरी को गुरु रविदास महाराज जी के जन्मदिवस का मुख्य आयोजन संपन्न होगा, जबकि श्रद्धालु 4 फरवरी को वापस जालंधर लौटेंगे।
इस अवसर पर श्रद्धा प्रकट करने के लिए पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद चरणजीत सिंह चन्नी, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, मनोरंजन कालिया, कृष्ण देव भंडारी, शीतल अंगुराल, रोबिन सांपला, राजेश बाघा और बसपा नेता एडवोकेट बलविंदर कुमार सहित कई प्रमुख राजनीतिक एवं धार्मिक हस्तियों ने शिरकत की।
संत निरंजन दास महाराज जी ने संगतों को आशीर्वाद देकर वाराणसी यात्रा के लिए विदा किया। यह आयोजन सामाजिक समरसता, श्रद्धा और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण बना।
