बुरहानपुर जिले में प्राकृतिक और जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन और कृषि विभाग के संयुक्त तत्वावधान में महात्मा ज्योतिबाई फूले सब्जी मंडी में जैविक हाट का शुभारंभ किया गया। इस हाट के माध्यम से जिले के जैविक एवं प्राकृतिक खेती करने वाले किसान, कृषक समूह और स्व-सहायता समूह अपने उत्पाद सीधे उपभोक्ताओं को बेच सकेंगे, जिससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को बेहतर दाम मिल सकेगा।
जैविक हाट में लगभग 50 किसानों द्वारा मटर, पालक, मेथी, टमाटर जैसी हरी सब्जियों के साथ विभिन्न फल, अनाज, दालें, औषधीय उत्पाद, केंचुआ खाद, शहद, घी और जीवामृत जैसे अनेक जैविक उत्पाद उपलब्ध कराए गए। शहर के उपभोक्ताओं ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की और रसायनमुक्त, शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों को प्राथमिकता दी। यह पहल एक ओर जहाँ किसानों की आय बढ़ाने में सहायक है, वहीं दूसरी ओर आम लोगों को स्वास्थ्यवर्धक और ऑर्गेनिक उत्पाद सुलभ करा रही है।
