उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निरंतर प्रयासों और प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप ऋषिकेश बाईपास के 4-लेन निर्माण कार्य को सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय से महत्वपूर्ण स्वीकृति मिल गई है। मंत्रालय ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के लिए ₹1105.79 करोड़ की तकनीकी, प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी कर दी है। लगभग 12.670 किलोमीटर लंबा यह बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-7 पर टीनपानी फ्लाईओवर से लेकर खरासोटे पुल तक विकसित किया जाएगा, जो मुख्य रूप से भट्टोवाला और ढालवाला क्षेत्रों से होकर गुजरेगा। इस परियोजना को ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एवं कंस्ट्रक्शन) मोड पर क्रियान्वित किया जाएगा ताकि निर्माण की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित की जा सके।
परियोजना की समय-सीमा को लेकर मंत्रालय ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इसे आगामी तीन वर्षों के भीतर पूरा करना अनिवार्य होगा और कार्य में किसी भी प्रकार की लागत या समय वृद्धि स्वीकार नहीं की जाएगी। इस महत्वपूर्ण निर्माण कार्य के लिए बजट का प्रावधान वित्त वर्ष 2025-26 के केंद्रीय बजट (GBS) के अंतर्गत किया गया है, जबकि देहरादून स्थित क्षेत्रीय अधिकारी को इस परियोजना के लिए ड्रॉइंग एवं डिस्बर्सिंग ऑफिसर (DDO) नामित किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि ऋषिकेश बाईपास के बनने से क्षेत्र में यातायात का दबाव काफी कम होगा और स्थानीय निवासियों के साथ-साथ चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने इसे राज्य के समग्र विकास और सुदृढ़ रोड कनेक्टिविटी की दिशा में एक मील का पत्थर बताया है।
