मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में पदक जीतने वाले भारतीय खिलाड़ियों सीमा कालीरमन और लवप्रीत सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने महिलाओं की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर सीमा कालीरमन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और शानदार प्रदर्शन ने करोड़ों भारतीयों को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि सीमा देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रही हैं और उनकी यह उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में सीमा कालीरमन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी देश के लिए नई सफलताएं अर्जित करेंगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुरुषों की 110 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग की भारोत्तोलन प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने वाले लवप्रीत सिंह को भी हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि लवप्रीत सिंह के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है और उनकी सफलता भारतीय खेल जगत के लिए प्रेरणादायक है।
मुख्यमंत्री ने लवप्रीत सिंह के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वह आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी भारत के लिए इसी तरह शानदार प्रदर्शन करते रहेंगे।
