उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इंडियन सोसाइटी ऑफ नेफ्रोलॉजी (ISNCON 2025) के 54वें वार्षिक अधिवेशन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मेलन 18 से 21 दिसंबर 2025 तक एसजीपीजीआई कन्वेंशन सेंटर, लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। देश-विदेश के जाने-माने नेफ्रोलॉजिस्ट, चिकित्सक और शोधकर्ता इस सम्मेलन में भाग लेंगे।
सम्मेलन का मुख्य विषय “क्षेत्रीय और वैश्विक प्रभाव के साथ नवाचार, सटीकता और गुर्दा उपचार को आगे बढ़ाना” रखा गया है। इसका उद्देश्य गुर्दा रोगों के उपचार में नवीन तकनीकों, आधुनिक अनुसंधान और वैश्विक अनुभवों को साझा करना है, ताकि मरीजों को बेहतर और सटीक इलाज उपलब्ध कराया जा सके।
सम्मेलन के वैज्ञानिक कार्यक्रम की शुरुआत ट्रांसप्लांट इम्यूनोजेनेटिक्स, इंटरवेंशन नेफ्रोलॉजी, क्रिटिकल केयर नेफ्रोलॉजी और रीनल हिस्टोपैथोलॉजी से जुड़ी कार्यशालाओं और विशेष सत्रों के साथ होगी। इन सत्रों में किडनी ट्रांसप्लांट, गंभीर रोगियों की देखभाल और उन्नत जांच तकनीकों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
इसके अलावा ISNCON 2025 में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और ट्रांसलेशनल रिसर्च जैसे आधुनिक विषयों पर भी मंथन होगा। विशेषज्ञ यह चर्चा करेंगे कि कैसे नई तकनीक और शोध को सीधे मरीजों के उपचार से जोड़ा जा सकता है।
यह सम्मेलन न केवल चिकित्सा जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि गुर्दा रोगों के इलाज को नई दिशा देने और भारत को वैश्विक नेफ्रोलॉजी के क्षेत्र में मजबूत पहचान दिलाने की दिशा में भी एक अहम कदम साबित होगा।
