मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में अधिकारियों के साथ बैठक कर मकर संक्रांति के अवसर पर श्री गोरखनाथ मंदिर में आयोजित होने वाले खिचड़ी मेले और गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने खिचड़ी मेले के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं को पुख्ता रखने के निर्देश दिए। साथ ही 11 से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाले गोरखपुर महोत्सव में स्थानीय कलाकारों, लोक संस्कृति और पारम्परिक कलाओं को प्रमुखता देने की बात कही, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को मंच मिल सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने नववर्ष के दौरान रामगढ़ताल क्षेत्र में उमड़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और पर्याप्त पार्किंग सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शहर में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इसके अलावा शीतलहर को देखते हुए मुख्यमंत्री ने आमजन की सुविधा के लिए प्रमुख स्थानों पर अलाव जलवाने और जरूरतमंदों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए।
