प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि डिजिटल इंडिया पहल ने शासन व्यवस्था को नई दिशा दी है, नागरिकों को सशक्त बनाया है और समग्र विकास को गति दी है। डिजिटल इंडिया के 11 वर्ष पूरे होने पर प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पहल ने जीवन के हर क्षेत्र को प्रभावित किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि डिजिटल इंडिया ने गरीबों और वंचित वर्गों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, साथ ही आम नागरिकों के जीवन को भी अधिक सरल बनाया है। उन्होंने कहा कि ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के विस्तार से लेकर डिजिटल लेनदेन में वृद्धि तक, इस पहल की अभूतपूर्व सफलता ने पूरी दुनिया का ध्यान भारत की ओर आकर्षित किया है।
उन्होंने कहा कि सहज डिजिटल भुगतान और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से लाभार्थियों तक पारदर्शिता के साथ योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है। तकनीक आज जीवन को आसान बनाने का एक प्रभावी माध्यम बन चुकी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल इंडिया ने नवाचार की लहर को देश के हर हिस्से तक पहुंचाया है, विशेष रूप से गांवों, द्वितीय और तृतीय श्रेणी के शहरों तक। उन्होंने कहा कि युवा उद्यमी, स्टार्टअप और नवप्रवर्तक देश के हर कोने से वैश्विक चुनौतियों के समाधान विकसित कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस पहल ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार और सार्वजनिक सेवा वितरण को मजबूत किया है। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल क्षेत्र में सरकार की प्रगति के चलते भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सेमीकंडक्टर और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती तकनीकों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य ऐसा भविष्य बनाना है, जहां तकनीक मानवता की सेवा करे, हर नागरिक को सशक्त बनाए और सतत विकास को नई गति दे।
