पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस नेता सुंदर शाम अरोड़ा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को होशियारपुर स्थित उनके आवास पर छापेमारी की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी ईडी द्वारा सुंदर शाम अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है। इसके बाद विजिलेंस विभाग ने भी कथित भ्रष्टाचार से जुड़े दो मामलों में उन्हें नामजद करते हुए गिरफ्तार किया था। अब एक बार फिर ईडी की इस ताजा कार्रवाई से राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
सूत्रों के अनुसार, ईडी की मौजूदा छापेमारी उस समय से जुड़े मामलों को लेकर है, जब सुंदर शाम अरोड़ा पंजाब सरकार में उद्योग मंत्री थे। आरोप है कि उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कुछ फैसलों के जरिए निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाया और इसके बदले कथित तौर पर बड़ी रकम के लेन-देन और हेरफेर किए गए। इन्हीं आरोपों की जांच के तहत ईडी दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन पड़ताल कर रही है।
ईडी की टीम छापेमारी के दौरान महत्वपूर्ण दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में जांच का दायरा और बढ़ सकता है।
