यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष और विदेश एवं सुरक्षा नीति के लिए यूरोपीय संघ की उच्च प्रतिनिधि काजा कालास आज सुबह अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचीं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से जानकारी देते हुए कहा कि यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही है, जब भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का बेहतरीन अवसर है।
उन्होंने बताया कि काजा कालास की यह यात्रा भारत और यूरोपीय संघ के बीच नियमित उच्चस्तरीय संवाद और सहयोग की गति को आगे बढ़ाएगी। दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक, आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को और विस्तार देने पर इस दौरान चर्चा होने की संभावना है।
यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख की यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा भी भारत आने वाले हैं। दोनों नेता सोमवार को होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके अलावा 27 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ 16वें भारत-ईयू शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता भी उर्सुला वॉन डेर लेयेन और एंटोनियो कोस्टा करेंगे, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों को नई दिशा देने पर विचार किया जाएगा।
