चंपारण रेंज के डीआईजी श्री हरीकिशोर राय के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लोगों से ठगी करने का मामला सामने आने के बाद बेतिया साइबर थाना ने बड़ी कार्रवाई की है। इस संबंध में बेतिया साइबर थाना में कांड संख्या 52/25 दर्ज किया गया था, जिसके बाद साइबर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।
बेतिया साइबर थाना के थानाध्यक्ष (एसएचओ) गौतम शरण ओमी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि डीआईजी चंपारण के नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाने वाला युवक राजस्थान के अलवर जिले का निवासी है। बेतिया पुलिस की टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान करते हुए उसके घर अलवर में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसएचओ ने बताया कि जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि आरोपी ने पहले भी डीआईजी के नाम से एक अन्य फर्जी फेसबुक आईडी बनाई थी। दोनों फर्जी आईडी के निर्माण और संचालन में उसी युवक की संलिप्तता पाई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तस्लीम खान के रूप में हुई है, जो कोटा खुर्द, जिला अलवर (राजस्थान) का रहने वाला है। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और वह सिम कार्ड भी जब्त किया गया है, जिनका उपयोग फर्जी फेसबुक आईडी बनाने और ठगी करने में किया गया था। साइबर थाना पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
