फाजिल्का पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुल 10 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए हैं। बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल कीमत 2 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। इनमें से कई मोबाइल वर्ष 2023 या उससे पहले गुम हुए थे।
जानकारी देते हुए फाजिल्का सदर थाना के एसएचओ प्रगट सिंह सिद्धू ने बताया कि पुलिस को लगातार लोगों के मोबाइल गुम होने की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस द्वारा एक विशेष पोर्टल के माध्यम से मोबाइल फोन ट्रेस करने का अभियान चलाया गया। इसी अभियान के तहत कुछ ही दिनों में 10 मोबाइल फोन बरामद करने में सफलता मिली।
उन्होंने बताया कि बरामद किए गए मोबाइल अलग-अलग स्थानों से गुम हुए थे। कुछ मोबाइल चोरी की घटनाओं में गायब हुए थे, जबकि कुछ बाढ़ और दुर्घटनाओं के दौरान खो गए थे। पुलिस ने मोबाइल बरामद करने के बाद उन्हें उनके असली मालिकों को सौंप दिया है।
गांव हंसता कलां के रहने वाले हरजिंदर सिंह ने बताया कि करीब 15 महीने पहले उनके घर से मोबाइल फोन चोरी हो गया था, जिसे अब पुलिस ने बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया है। वहीं गट्टी नंबर 1 के निवासी हरदेव सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में सीमा क्षेत्र में आई बाढ़ के दौरान उनका मोबाइल गुम हो गया था, जिसे अब पुलिस ने ढूंढ निकाला है।
ठुगानी गांव के रहने वाले करनैल सिंह ने बताया कि करीब दो साल पहले घर लौटते समय उनकी जेब से मोबाइल गिर गया था, जो अब पुलिस को मिला है। उन्होंने मोबाइल वापस मिलने पर फाजिल्का पुलिस का धन्यवाद किया।
पुलिस के अनुसार बरामद किए गए 10 मोबाइल फोन में से करीब 7 मोबाइल के मालिक पुलिस स्टेशन पहुंच चुके हैं और उन्हें मोबाइल सौंप दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों को सुलझाने में समय लगता है, लेकिन पुलिस लगातार प्रयास कर रही है और आगे भी गुम मोबाइल बरामद करने का अभियान जारी रहेगा।
