हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सूरजकुंड मेले में हुई दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हादसे में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मी जगदीश प्रसाद के परिवार के साथ सरकार खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार शहीद पुलिसकर्मी के परिवार को आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी भी प्रदान की जाएगी, ताकि परिवार को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने हादसे में घायल हुए लोगों के इलाज को लेकर भी अहम घोषणा की। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को निःशुल्क और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही प्रत्येक घायल को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
राज्य सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज और सहायता कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न हो। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत और सहयोग मिले।
