लंबे इंतजार के बाद फीफा विश्व कप 2026 का शुभारंभ 11 जून (स्थानीय समय) से होने जा रहा है। विश्व फुटबॉल के इस सबसे बड़े महाकुंभ का उद्घाटन मुकाबला सह-मेजबान मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच मेक्सिको सिटी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समयानुसार यह मुकाबला 12 जून की सुबह 12:30 बजे शुरू होगा।
ग्रुप-ए का यह मैच विश्व कप के अब तक के सबसे बड़े संस्करण की शुरुआत करेगा। पहली बार टूर्नामेंट में 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार विश्व कप की मेजबानी संयुक्त रूप से कनाडा, मेक्सिको और अमेरिका कर रहे हैं।
घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा उठाने की कोशिश में मेक्सिको की टीम जीत के साथ अपने अभियान का आगाज़ करना चाहेगी। मेक्सिको के खिलाड़ियों पर घरेलू दर्शकों की उम्मीदें होंगी और टीम मजबूत शुरुआत कर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी पेश करना चाहेगी।
यह मुकाबला 2010 फीफा विश्व कप के उद्घाटन मैच की याद भी ताजा करेगा, जब मेक्सिको और दक्षिण अफ्रीका आमने-सामने आए थे। उस मैच में दोनों टीमों के बीच 1-1 से ड्रॉ रहा था। दक्षिण अफ्रीका के लिए सिफीवे त्शाबालाला ने गोल किया था, जबकि मेक्सिको की ओर से राफेल मार्केज़ ने बराबरी का गोल दागा था।
राफेल मार्केज़ इस बार भी मेक्सिको टीम के साथ जुड़े हुए हैं, लेकिन खिलाड़ी के रूप में नहीं। वह टीम के मुख्य कोच हावियर अगुइरे के सहायक कोच की भूमिका निभा रहे हैं और खिलाड़ियों को अपने अनुभव का लाभ दे रहे हैं।
मेक्सिको के मुख्य कोच हावियर अगुइरे ने मैच से पहले कहा कि अपने देश में विश्व कप खेलना खिलाड़ियों के लिए एक विशेष और भावनात्मक अनुभव है। उन्होंने कहा कि उनके लंबे फुटबॉल करियर में इससे बड़ा अवसर कभी नहीं आया। अगुइरे के अनुसार खिलाड़ी इस अवसर के महत्व को समझते हैं और टीम एक परिवार की तरह एकजुट होकर मैदान में उतरने के लिए तैयार है।
दूसरी ओर, अफ्रीकी क्वालीफायर के ग्रुप-सी में शीर्ष स्थान हासिल कर विश्व कप में जगह बनाने वाली दक्षिण अफ्रीका की टीम भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी। टीम मेजबान मेक्सिको को कड़ी चुनौती देने और टूर्नामेंट की शुरुआत यादगार बनाने के इरादे से खेलेगी।
दक्षिण अफ्रीका के मुख्य कोच ह्यूगो ब्रूस ने कहा कि मेक्सिको उनके समूह की सबसे मजबूत टीमों में से एक है, लेकिन उनकी टीम मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके खिलाड़ी पूरे 90 मिनट तक संघर्ष करेंगे और हर अवसर का फायदा उठाने की कोशिश करेंगे।
मिडफील्डर तेबोहो मोकोएना ने भी टीम का आत्मविश्वास जाहिर करते हुए कहा कि खिलाड़ियों में उत्साह चरम पर है और वे इस बड़े मुकाबले का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरना टीम का लक्ष्य है।
दक्षिण अफ्रीका को मैच से पहले एक राहत भरी खबर भी मिली है। टीम के लेफ्ट बैक ऑब्रे मोडिबा हैमस्ट्रिंग चोट से उबर चुके हैं और उनके उद्घाटन मुकाबले में खेलने की संभावना जताई जा रही है।
विश्व कप 2026 के पहले मुकाबले में दोनों टीमें जीत के साथ शुरुआत करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगी। ऐसे में फुटबॉल प्रशंसकों को एक रोमांचक और प्रतिस्पर्धी मुकाबला देखने को मिल सकता है।
