फीफा विश्व कप 2026 में जर्मनी का सफर अंतिम-32 चरण में ही समाप्त हो गया। बोस्टन में खेले गए रोमांचक मुकाबले में पैराग्वे ने जर्मनी को पेनल्टी प्रहार में 4-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। निर्धारित समय और अतिरिक्त समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ था।
यह विश्व कप इतिहास में जर्मनी की पेनल्टी प्रहार में पहली हार है। इस जीत के साथ पैराग्वे ने अंतिम-16 में अपनी जगह पक्की कर ली।
पैराग्वे की ओर से निर्णायक सडन डेथ पेनल्टी पर होसे कनाले ने गोल किया, जबकि गोलरक्षक ऑरलैंडो गिल ने दो अहम बचाव किए। निर्धारित समय में पैराग्वे ने पहले हाफ के अंतिम क्षणों में बढ़त बनाई, जब जूलियो एन्सिसो ने हेडर के जरिए गोल किया। इसके जवाब में जर्मनी के काई हावर्ट्ज़ ने 52वें मिनट में बराबरी का गोल दागा।
एक अन्य मुकाबले में मोरक्को ने नीदरलैंड्स को पेनल्टी प्रहार में 3-2 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश कर लिया। निर्धारित और अतिरिक्त समय तक मुकाबला 1-1 की बराबरी पर रहा।
मोरक्को के अशरफ हकीमी और नील अल अयनावी ने शानदार आक्रमण किए, जबकि नीदरलैंड्स के मिकी वान डे वेन ने मोरक्को के गोलरक्षक यासीन बूनू को कठिन चुनौती दी। नीदरलैंड्स की ओर से कोडी गाक्पो ने शानदार गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई।
रोमांचक पेनल्टी प्रहार में दोनों टीमों के कई खिलाड़ी चूके। आखिर में इस्माइल साइबारी ने निर्णायक पेनल्टी को गोल में बदलकर मोरक्को को जीत दिलाई।
इससे पहले ब्राज़ील ने जापान को 2-1 से हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया। ह्यूस्टन में खेले गए मुकाबले में गैब्रियल मार्टिनेली ने अतिरिक्त समय में निर्णायक गोल कर ब्राज़ील को जीत दिलाई।
दूसरे हाफ में स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरे गैब्रियल मार्टिनेली ने अतिरिक्त समय के छठे मिनट में गोल दागा। यह गोल ऐसे समय आया जब मुकाबला अतिरिक्त समय से आगे बढ़ता दिख रहा था।
अब ब्राज़ील का सामना अंतिम-16 में आइवरी कोस्ट या नॉर्वे में से किसी एक टीम से होगा।
