शुक्रवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। दोनों कीमती धातुओं में कारोबार के दौरान करीब 0.6 प्रतिशत तक की कमजोरी देखने को मिली।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर 5 अगस्त 2026 डिलीवरी वाले सोने का वायदा अनुबंध 1,42,821 रुपये प्रति 10 ग्राम के पिछले बंद भाव के मुकाबले 1,42,392 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। सुबह लगभग 11 बजे तक सोना 870 रुपये या 0.61 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,41,951 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। कारोबार के दौरान इसने 1,41,742 रुपये का निचला और 1,42,393 रुपये प्रति 10 ग्राम का ऊपरी स्तर छुआ।
चांदी की कीमतों में भी नरमी बनी रही। एमसीएक्स पर 4 सितंबर 2026 डिलीवरी वाला चांदी का वायदा अनुबंध 2,19,375 रुपये प्रति किलोग्राम के पिछले बंद भाव के मुकाबले 2,18,280 रुपये प्रति किलोग्राम पर खुला। सुबह के कारोबार में चांदी 884 रुपये या 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2,18,491 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार करती दिखाई दी। इस दौरान चांदी का न्यूनतम स्तर 2,17,325 रुपये और उच्चतम स्तर 2,18,884 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव बना रहा। कॉमैक्स पर सोने का भाव 0.48 प्रतिशत की गिरावट के साथ 4,030 डॉलर प्रति औंस पर रहा, जबकि चांदी 0.41 प्रतिशत कमजोर होकर 57.80 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती दिखाई दी।
विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाक्रम और निवेशकों की सतर्कता के बीच बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण पश्चिम एशिया की स्थिति पर निवेशकों की नजर बनी हुई है। दोनों देशों के बीच सैन्य गतिविधियों में तेजी से वैश्विक वित्तीय बाजारों में अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है, जिसका असर कीमती धातुओं की कीमतों पर भी देखा जा रहा है।
