जनपद हापुड़ में सड़क सुरक्षा यातायात माह के तहत लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में प्रशासन ने ‘नो हेलमेट नो फ्यूल’ पखवाड़े की शुरुआत की है। इस अभियान के अंतर्गत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जा रहा है।
जिला आपूर्ति अधिकारी सीमा बालियान ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि हेलमेट न पहनने वाले दोपहिया वाहन चालकों को ईंधन न दिया जाए। आदेशों का पालन करते हुए पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने बिना हेलमेट पहुंचे वाहन चालकों को पेट्रोल देने से मना कर दिया और उन्हें वापस लौटा दिया।
अभियान के दौरान कुछ लोगों ने नाराजगी भी जताई, लेकिन इसका सकारात्मक असर भी साफ नजर आया। पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने वाहन चालकों को हेलमेट पहनने के महत्व के बारे में समझाया और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। प्रशासन का मानना है कि इस तरह के अभियानों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी।
