हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा राज्य को दी गई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-अंबाला तृतीय एवं चतुर्थ रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति मिलना राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना हरियाणा में औद्योगिक विकास को गति देगी और यातायात व्यवस्था को आधुनिक और सुगम बनाएगी। इस परियोजना से सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र और अंबाला सहित पूरे प्रदेश को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। साथ ही दिल्ली से बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने से आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी और विकासोन्मुख नेतृत्व में न केवल हरियाणा बल्कि पूरा देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना प्रदेश की प्रगति, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
