हरियाणा पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए आवेदन करने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, उनके पास आज और कल का ही समय शेष है।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जा रहे हैं। अंतिम तिथि के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 3 लाख अभ्यर्थी अपने आवेदन फॉर्म को पूरा कर फाइनल सबमिट कर चुके हैं।
चेयरमैन ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे 31 जनवरी 2026 रात 11:59 बजे से पहले अपना आवेदन जरूर पूरा कर लें, क्योंकि इसके बाद किसी भी तरह का अतिरिक्त समय नहीं दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं को भर्ती प्रक्रिया को लेकर पूरी तैयारी रखने का भी संदेश दिया।
वहीं, हरियाणा पुलिस विभाग ने उम्मीदवारों से आग्रह किया है कि वे समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करें, ताकि अंतिम दिन सर्वर पर अधिक लोड के कारण किसी तरह की तकनीकी परेशानी से बचा जा सके। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, व्यक्तिगत विवरण और आवश्यक दस्तावेज सावधानीपूर्वक व सही तरीके से भरने की सलाह दी गई है।
गौरतलब है कि हरियाणा पुलिस में भर्ती को लेकर युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में उम्मीदवार पहले ही आवेदन कर चुके हैं और अंतिम दिन आवेदन की संख्या में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
