खेल मंत्रालय ने अगले महीने जापान में शुरू होने वाले एशियाई खेलों के लिए 492 सदस्यीय भारतीय दल को मंजूरी दे दी है। भारतीय दल में 265 पुरुष और 227 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें सबसे बड़ा दल एथलेटिक्स का है, जिसमें 73 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
एथलेटिक्स टीम में दो बार के ओलंपिक पदक विजेता और स्टार भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा, लंबी कूद के खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर, लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह, डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और 100 मीटर बाधा दौड़ की धाविका ज्योति याराजी समेत कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं।
बैडमिंटन में भारत की 20 सदस्यीय टीम में पीवी सिंधु, लक्ष्य सेन और आयुष शेट्टी जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं। महिला युगल में गायत्री गोपीचंद और ट्रीसा जॉली की जोड़ी तथा पुरुष युगल में सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी भी भारतीय दल का हिस्सा है।
मुक्केबाजी टीम में 11 खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें हाल में राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली लवलीना बोरगोहेन (75 किलोग्राम), नरेंद्र बरवाल (90 किलोग्राम से अधिक) और जादुमणि सिंह (55 किलोग्राम) प्रमुख नाम हैं।
