एशियन पैरा गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रतियोगिता के आज के दिन भारत ने 5 स्वर्ण, 11 रजत और 11 कांस्य सहित कुल 27 पदक अपने नाम किए। इस जीत के साथ भारत की कुल पदक संख्या बढ़कर 62 (14 स्वर्ण, 22 रजत और 26 कांस्य) हो गई है और भारत पदक तालिका में फिलहाल 5वें स्थान पर पहुंच गया है।
एथलेटिक्स में भारतीय एथलीटों का दबदबा
- 100 मीटर दौड़: पुरुषों की 100 मीटर T46/47 संयुक्त स्पर्धा में दिलीप गावित ने 10.69 सेकंड का समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि भारत के ही मोहम्मद मोर्सिंगानकथ बासिल ने 10.72 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय के साथ रजत पदक हासिल किया। वहीं, पुरुषों की 100 मीटर T35 स्पर्धा में अनुभव चौधरी ने कांस्य और 100 मीटर T37 स्पर्धा में राकेशभाई भट्ट ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
- ट्रैक एवं अन्य स्पर्धाएं: पुरुषों की 1500 मीटर T12 स्पर्धा में शरथ मकानाहल्ली ने कांस्य पदक जीता। वहीं, पुरुषों की भाला फेंक F55 स्पर्धा में सुखचैन ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
- शॉट पुट (गोला फेंक): पुरुषों के शॉट पुट F46 इवेंट में भारत ने तीनों पदक अपने नाम किए। सचिन सर्जेराव खिलारी ने 15.87 मीटर के रिकॉर्ड थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता, मो. यासर ने रजत और प्रवीण ने कांस्य पदक हासिल किया। इसके अलावा, आयुष वर्मा ने पुरुषों के शॉट पुट F53 इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपना दूसरा पदक पक्का किया।
- हाई जंप और लॉन्ग जंप: पुरुषों की ऊंची कूद T44/64 स्पर्धा में प्रवीण कुमार ने 2.05 मीटर की कूद लगाकर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में बंटी ने 1.92 मीटर के अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ रजत पदक अपने नाम किया। पुरुषों की लंबी कूद T42/T61/T63 स्पर्धा में शैलेश कुमार ने कांस्य पदक हासिल किया।
- महिला स्प्रिंट: भारतीय धाविका सिमरन ने महिलाओं की 100 मीटर T12 स्पर्धा 12.02 सेकंड के गेम्स रिकॉर्ड समय में जीतकर इस प्रतियोगिता का अपना दूसरा स्वर्ण पदक हासिल किया। इससे पहले उन्होंने 200 मीटर स्पर्धा में भी नया गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता था।
- डिस्कस थ्रो (चक्का फेंक): पुरुषों के डिस्कस थ्रो F37 इवेंट में हनी ने अपने अंतिम प्रयास में 57.04 मीटर का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता। वहीं महिलाओं के डिस्कस थ्रो F55 इवेंट में पैरालिंपियन करमज्योति दलाल ने अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
तीरंदाजी, तैराकी और बैडमिंटन में मिला पदक
- तीरंदाजी: तीरंदाजी में शीतल देवी और पायल नाग की युवा भारतीय जोड़ी को कंपाउंड महिला युगल के फाइनल में हार के बाद रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इसके अलावा स्वाति चौधरी और आदिल मोहम्मद नज़ीर अंसारी की जोड़ी ने मिक्स्ड टीम W1 रिकर्व स्पर्धा में कांस्य पदक जीता।
- तैराकी: स्विमिंग में रवि बुदिगिना ने पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक S13 स्पर्धा में रजत पदक जीता, जबकि हिमांशु नंदल ने पुरुषों की 100 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक S11 स्पर्धा में तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक हासिल किया।
- बैडमिंटन: बैडमिंटन में कृष्णा नागर और सिवराजन सोलाईमलाई ने पुरुषों के युगल SH6 इवेंट में रजत पदक अपने नाम किया, जबकि SL4 श्रेणी में भी भारत के तीन पदक पक्के हो चुके हैं।
