भारत ने गॉल में खेले गए दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान श्रीलंका को 165 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। 372 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम दूसरी पारी में 77.4 ओवर में 206 रन पर ऑलआउट हो गई। भारत की ओर से मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए छह विकेट झटके, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने दो और रवींद्र जडेजा तथा मोहम्मद सिराज ने एक-एक विकेट लिया।
श्रीलंका की ओर से कप्तान धनंजय डी सिल्वा ने 151 गेंदों में 59 रन बनाकर संघर्ष किया, जबकि पहली पारी में शतक लगाने वाले सोनल दिनूषा ने 84 रन की पारी खेली। इससे पहले भारत अपनी दूसरी पारी में 193 रन पर सिमट गया था, लेकिन ऋषभ पंत की 69 गेंदों में 66 रन की तेजतर्रार पारी ने टीम को मजबूत बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई। पंत ने अपनी पारी में आठ चौके और दो छक्के लगाए और टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए। देवदत्त पडिक्कल ने 44 और केएल राहुल ने 35 रन बनाए।
