प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि भारत-यूरोपीय संघ (EU) मुक्त व्यापार समझौता, भारत-यूके व्यापार समझौते का पूरक है और इससे देश के विनिर्माण तथा सेवा क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री आज वर्चुअल माध्यम से इंडिया एनर्जी वीक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत ऊर्जा क्षेत्र के लिए अवसरों की भूमि है, जहां ऊर्जा की मांग लगातार बढ़ रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-EU मुक्त व्यापार समझौता दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच समन्वय का प्रतीक है, जो वैश्विक व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला के लगभग एक-तिहाई हिस्से का प्रतिनिधित्व करती हैं। यह समझौता न केवल व्यापार को मजबूत करेगा, बल्कि निवेश और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
इंडिया एनर्जी वीक के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मंच भारत के ऊर्जा क्षेत्र की संभावनाओं को समझने और दुनिया भर से संभावित निवेशकों को आकर्षित करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इंडिया एनर्जी वीक बहुत कम समय में ऊर्जा क्षेत्र में संवाद और ठोस कार्रवाई के लिए एक वैश्विक मंच के रूप में उभरा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि भारत दुनिया के शीर्ष पांच पेट्रोलियम उत्पाद निर्यातक देशों में शामिल है और देश में 150 से अधिक पेट्रोलियम उत्पाद निर्यातक सक्रिय हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ते निवेश से भारत की आर्थिक वृद्धि को नई गति मिलेगी।
