भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने न्यूज़ीलैंड के खिलाफ आगामी पाँच मैचों की टी20 सीरीज़ और आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है। पुरुष चयन समिति ने 15 सदस्यीय स्क्वॉड चुना है, जिसमें सूर्यकुमार यादव को कप्तान और ऑलराउंडर अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है। टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी शामिल किए गए हैं.
टीम घोषणा के बाद मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। ओपनर शुभमन गिल को टीम से बाहर किए जाने पर मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर ने कहा कि इस समय गिल के बल्ले से उम्मीद के मुताबिक रन नहीं आ रहे हैं और चयनकर्ताओं ने अलग संयोजन के साथ जाने का फैसला किया। लंबे समय बाद स्क्वॉड में लौटे ईशान किशन के बारे में आगरकर ने कहा कि वह व्हाइट-बॉल क्रिकेट में शीर्ष क्रम पर बल्लेबाज़ी करते हैं और हाल में उनकी फॉर्म अच्छी रही है, इसलिए उन्हें टीम में शामिल किया गया है.
