महिला क्रिकेट में भारत आज टी-20 एशिया कप के ग्रुप-ए के अपने दूसरे मुकाबले में हांगकांग का सामना करेगा। यह मैच संयुक्त अरब अमीरात के दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8 बजे शुरू होगा।
हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए रविवार को दुबई में थाईलैंड को 94 रन से हराया था। अब हांगकांग के खिलाफ जीत दर्ज करने पर भारतीय टीम आठ टीमों वाले इस टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर सकती है।
इस बीच, ग्रुप-बी में मंगलवार रात श्रीलंका ने इंडोनेशिया को 75 रन से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट पर 124 रन बनाए। जवाब में इंडोनेशिया की पूरी टीम 18.3 ओवर में महज 49 रन पर ऑलआउट हो गई।
इंडोनेशिया की महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। श्रीलंका की ओर से शानदार प्रदर्शन करने वाली चमारी अटापट्टू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने मुकाबले में सात विकेट हासिल किए।
